Home National चौ. चरण सिंह, नरसिम्हा राव और डॉ. स्वामीनाथन को मिलेगा भारत रत्न

चौ. चरण सिंह, नरसिम्हा राव और डॉ. स्वामीनाथन को मिलेगा भारत रत्न

प्रधानमंत्री मोदी ने किया ऐलान

by Farha Siddiqui
0 comment
चौ. चरण सिंह, नरसिम्हा राव और डॉ. स्वामीनाथन को मिलेगा भारत रत्न, प्रधानमंत्री मोदी ने किया ऐलान

09 February 2024

पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पी वी नरसिम्हा राव और मशहूर वैज्ञानिक और देश में हरित क्रांति के जनक डॉ. एम एस स्वामीनाथन को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये घोषणा की। पीएम ने अपने ट्विटर हैंडल एक्स पर पोस्ट करके ये ऐलेन किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि हमारी सरकार का ये सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है।

पीएम ने आगे कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री और यहां तक कि एक विधायक के रूप में भी उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण को रफ्तार दी है। चौधरी चरण सिंह आपातकाल के विरोध में भी डटकर खड़े रहे। हमारे किसान भाई-बहनों के लिए उनका समर्पण भाव और इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र के लिए उनकी प्रतिबद्धता पूरे देश को प्रेरित करने वाली है।

पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्हा राव को भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि एक प्रतिष्ठित विद्वान और राजनेता के रूप में नरसिम्हा राव ने विभिन्न पदों पर रहते हुए भारत की सेवा की। उन्हें आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और कई सालों तक संसद सदस्य और विधानसभा सदस्य के रूप में किए गए कार्यों के लिए भी याद किया जाता है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को आर्थिक रूप से उन्नत बनाने, देश की समृद्धि और विकास के लिए एक ठोस नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री के रूप में नरसिम्हा राव का कार्यकाल महत्वपूर्ण कदमों से भरा था, जिसने भारत को वैश्विक बाजारों के लिए खोला और इससे आर्थिक विकास के एक नए युग की शुरूआत हुई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके अलावा, भारत की विदेश नीति, भाषा और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान एक नेता के रूप में उनकी बहुमुखी विरासत को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि नरसिम्हा राव ने न सिर्फ महत्वपूर्ण बदलावों के जरिए भारत को दिशा दी बल्कि उसकी सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को भी समृद्ध किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने एम एस स्वामीनाथन को भारत रत्न से नवाजे जाने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार कृषि और किसान कल्याण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित कर रही है। स्वामीनाथन ने चुनौतीपूर्ण समय में भारत के कृषि में आत्मनिर्भरता हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और भारतीय कृषि के आधुनिकीकरण की दिशा में उत्कृष्ट प्रयास किए। डॉ. स्वामीनाथन के दूरदर्शी नेतृत्व ने न सिर्फ भारतीय कृषि को बदल दिया बल्कि राष्ट्र की खाद्य सुरक्षा और समृद्धि को भी सुनिश्चित किया। वह ऐसे व्यक्ति थे जिन्हें मैं करीब से जानता था और मैं हमेशा उनकी अंतर्दृष्टि को महत्व देता था।

जयंत चौधरी ने कहा पीएम ने जीता दिल

पीएम के ऐलान पर प्रतिक्रिया देते हुए आरएलडी के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि दिल जीत लिया। जयंत चौधरी, चौ. चरण सिंह के पोते हैं। चरण सिंह किसानों की आवाज बुलंद करने वाले प्रखर नेता माने जाते थे। वह 28 जुलाई, 1979 से 14 जनवरी, 1980 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। इससे पहले वह देश के उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री और दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे।

घोषणा का विपक्ष ने किया स्वागत

प्रधानमंत्री के इस ऐलान का मुद्दा यूपी विधानसभा में भी उठा। सरकार के इस फैसले की सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने सराहना की।

सोनिया ने किया स्वागत

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री की इस घोषणा का स्वागत किया। पीएम की घोषणा के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी ट्वीट कर लिखा कि राव, चरण सिंह, स्वामीनाथन भारत के रत्न थे, हैं और सदैव रहेंगे। इसी के साथ तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री केसीआर ने भी नरसिम्हा राव को भारत रत्न दिए जाने की सराहना की।

नरसिम्हा राव की बेटी ने की सराहना

पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव को भारत रत्न के लिए नामित किए जाने पर उनकी बेटी वाणी देवी ने पीएम का आभार जताया। वाणी ने कहा कि नरसिम्हा राव उस वक्त प्रधानमंत्री बने थे। जब देश मुश्किल का सामना कर रहा था। उन्होंने सुधारों को लागू किया, जिसकी पूरे विश्व ने सराहना की। वाणी ने लिखा कि दलगत भावना से ऊपर उठकर राव के योगदान को मान्यता देना और भारत रत्न प्रदान करना हमारे प्रधानमंत्री के अच्छे मूल्यों को दर्शाता है।

MSSRF ने पीएम को कहा धन्यवाद

मशहूर कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम एस स्वामीनाथन को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किये जाने की घोषणा के बाद एम एस स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया है। फाउंडेशन का कहना है कि यह सभी के लिए खाद्य पोषण और आजीविका सुरक्षा सुनिश्चित करने के उनके अथक परिश्रम के लिए एक बड़ी मान्यता है।

कर्पूरी ठाकुर और आडवाणी को भी भारत रत्न

कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री मोदी ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने की घोषणा की थी। हाल ही में सरकार ने देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को भी भारत रत्न से नवाजे जाने की घोषणा की।

You may also like

Leave a Comment

Feature Posts

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

@2024 Live Times News. All Right Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00